ब्यावर की बदहाल सड़कों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 28 को PWD कार्यालय का घेराव

गहरे गड्ढों और जर्जर मार्गों से आमजन परेशान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर शहर की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर गहरे गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कें होने से आमजन को हो रही परेशानी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार, 28 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में होगा।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वृतंजय आर्य ने बताया कि सतपुलिया से देलवाड़ा रोड, भगत चौराहे से उदयपुर रोड, सेंदड़ा रोड पर आईओसी तक तथा सिटी सिनेमा से चांग-चितार रोड की हालत बेहद खराब है। इन प्रमुख मार्गों से प्रतिदिन हजारों लोग और भारी वाहन गुजरते हैं। सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद शहर की प्रमुख सड़कों की दुर्दशा चिंताजनक है। सड़कों की बदहाली से आमजन को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से समस्या के समाधान को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर PWD कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से प्रदर्शन में शामिल होकर जनहित की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।