दिल्ली महारैली में शामिल होने के लिए ओबीसी कांग्रेस की बैठक 27 अक्टूबर को,

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर जयपुर में जुटेंगे पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग की महत्वपूर्ण बैठक 27 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित होगी।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के संगठन महासचिव सागर मावर ने बताया कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में भाग लेंगे। महारैली की तैयारियों और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने के उद्देश्य से जयपुर संभाग के समस्त जिला अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे राजस्थान ओबीसी कांग्रेस कार्यालय, अत्रे मार्ग, श्याम नगर, जयपुर में प्रदेशाध्यक्ष हरसहाय यादव की अध्यक्षता में आयोजित होगी। प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता डॉ. नरेन्द्र मेहरा एडवोकेट ने बताया कि बैठक में महारैली की तैयारियों और संगठनात्मक कार्ययोजना को सफल बनाने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उन्हें आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपने पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में राजस्थान ओबीसी कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष हरसहाय यादव के नेतृत्व में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे।