पटाखा दुकानों के आवंटन में अनियमितताओं की आशंका, एसडीएम से सख्त नियम बनाने की मांग

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा।स्मार्ट हलचल|दीपावली पर्व पर शाहपुरा में पटाखा दुकानों के आवंटन को लेकर अनियमितताओं की आशंका जताते हुए अभिषेक कसेरा ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन देकर आवंटित दुकान का संचालन संबंधित आवंटी द्वारा स्वयं किए जाने की मांग की है। उन्होंने दुकानों को दूसरे व्यक्तियों को देने या बोली लगाकर बेचने पर रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में कसेरा ने बताया कि पूर्व में हर साल पटाखा दुकानों के लिए करीब 20 आवेदन आते थे, जबकि इस बार आवेदनों की संख्या बढ़कर 59 हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग एक ही दुकान के लिए 10 से 15 आवेदन भर रहे हैं। इससे हर साल पटाखा दुकान लगाने वाले पुराने और वास्तविक दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि पटाखा दुकान का आवंटन जिस व्यक्ति के नाम पर हो, दुकान वही व्यक्ति संचालित करे। आवंटी को अपनी दुकान किसी अन्य व्यक्ति को देने या बोली लगाकर बेचने की अनुमति नहीं दी जाए। यदि कोई आवंटी नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए या जुर्माना लगाया जाए।
कसेरा ने उपखंड अधिकारी से पटाखा दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी आवेदकों के साथ निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग की है।