सुबह 7 से शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश
भीलवाड़ा, 27 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|पंचायतराज आम चुनाव 2026 के तहत जिले में बुधवार, 28 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा। दूसरे चरण में जिला परिषद के 17 वार्डों तथा जिले की सात पंचायत समितियों के 111 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिला परिषद के 17 वार्डों में 11 पूर्ण और छह आंशिक वार्ड शामिल हैं। वहीं, जिले की सात पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत पंचायत समिति सदस्यों के 111 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतदान के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने तथा निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
जिले में दूसरे चरण के तहत इन सात पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए भी निर्वाचन संबंधी तैयारियां की जा रही हैं।