साहिब श्री गुरु रामदास जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व का श्रद्धापूर्ण आयोजन

रणवीर सिंह चौहान भवानी मंडी
स्मार्ट हलचल/भवानी मंडी साहिब श्री गुरु रामदास जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व को बड़ी श्रद्धा – भावना के साथ मनाया गया ।इस पावन अवसर पर प्रातःकाल श्री आसा दी वार की सेवा गुरसिख परिवार द्वारा की गई। प्रातःकालीन दीवान की समाप्ति 9 बजे हुई।इसके उपरांत विशेष कीर्तन दीवान सुबह 11 बजे से आरंभ किया गया। इस दीवान में रखे गए श्री सप्ताह पाठ साहिब जी की समाप्ति हुई। इसके बाद विशेष कीर्तन दीवान में हुजूरी रागी सतनाम सिंघ और हरकीरत सिंघ द्वारा रूहानी कीर्तन सेवा की गयी । संपूर्ण कार्यक्रम की समाप्ति 12:30 बजे हुई। समाप्ति पर सभी के लिए सरबत के भले की अरदास की गई। समूची संगत ने दोनों दीवानों में उपस्थिति दर्ज की और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर गुरु जी के अटूट लंगर की सेवा गुरुद्वारा हाल में की गई। जिसमें सभी समाज के लोगों ने प्रसादी लिया और सेवा कार्यो में अपना योगदान दिया।

इस अवसर पर सचिव अमनदीप सिंह ने सिखों के चौथे गुरु साहिब श्री गुरु रामदास जी महाराज के जीवन, इतिहास और उनके महत्वपूर्ण योगदान को संगत के साथ विस्तार से साझा किया। उन्होंने गुरु जी द्वारा श्री अमृतसर शहर की स्थापना, श्री हरिमंदिर साहिब के निर्माण की नींव रखने तथा सिख समाज को संगठित करने में दिए गए अमूल्य योगदान का उल्लेख किया, साथ ही श्री गुरु रामदास जी ने लावां (फेरे) की प्रथा को सिक्ख मर्यादा के अनुसार समाज में स्थापित किया, जिसका विशेष रूप से जिक्र किया गया।

अंत में अध्यक्ष श्री प्रीतपाल सिंह ने सभी समाज के लोगों को गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब के नवीनीकरण में दानदाताओं द्वारा किए गए योगदान और सेवा कार्यों के लिए साधुवाद दिया तथा आगे भी इसी प्रकार से समाज से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की ।