शाकाहार अपनाने से जीवन में आएगी करुणा, विद्यार्थियों ने ली आजीवन शाकाहारी रहने की शपथ

रत्नत्रय फाउंडेशन ने विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी, भारतीय जैन संगठन ने किया फल वितरण

भीलवाड़ा, 29 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|विद्यार्थियों में शाकाहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से भारतीय जैन संगठन (बीजेएस) की ओर से महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीमगंज में ‘निर्वाण नोश-शाकाहार उत्तम आहार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाकाहार के महत्व, संतुलित भोजन और जीवों के प्रति करुणा एवं अहिंसा की भावना पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आजीवन शाकाहारी भोजन अपनाने की शपथ भी ली।

भारतीय जैन संगठन की महिला विंग महामंत्री किरण सेठी ने कहा कि शाकाहार मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण आहार पद्धति है। संतुलित शाकाहारी भोजन को दैनिक जीवन में अपनाने से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। शाकाहार केवल भोजन की पद्धति नहीं, बल्कि जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और अहिंसा की भावना विकसित करने का माध्यम भी है।

संगठन के महामंत्री अरविंद झामड़ ने शाकाहार को सात्विक भोजन बताते हुए इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार अपनाने और अहिंसा को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। महिला विंग अध्यक्ष मधु लोढ़ा ने भी शाकाहार के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में प्राज्ञ भवन में चातुर्मास के लिए प्रवासरत साध्वी शासन दीपिका श्री चंचल कंवरजी म.सा. की सुशिष्याएं सुरक्षा श्रीजी एवं सुनिधि श्रीजी महाराज सा. का सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके सानिध्य में विद्यार्थियों को शाकाहार की महत्ता समझाई गई तथा अच्छे खानपान की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साध्वीजी की प्रेरणा से विद्यार्थियों ने आजीवन शाकाहारी भोजन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रत्नत्रय फाउंडेशन की ओर से विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को नोटबुक एवं पेन वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं में सहयोग देना रहा। वहीं, भारतीय जैन संगठन परिवार की ओर से विद्यार्थियों को फल वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में भारतीय जैन संगठन के अध्यक्ष अनिल कोठारी ने अतिथियों, विद्यालय परिवार और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की ओर से भी संगठन के पदाधिकारियों का सम्मान कर इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस अवसर पर भारतीय जैन संगठन के कोषाध्यक्ष जितेंद्र डांगी, शांतिलाल खमेसरा, नरेंद्र पीपाड़ा, गोवर्धन सिंह कावड़िया, पारसमल कूकड़ा, धर्मचंद नंदावत, मानमल डांगी, रिखब भंडारी, महिला विंग अध्यक्ष मधु लोढ़ा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शाकाहार अपनाने, संतुलित भोजन के महत्व को समझने, अहिंसा की भावना विकसित करने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने का संदेश दिया गया।