शौच के लिए घर से निकला 13 वर्षीय किशोर लापता
दो दिन से तलाश में जुटे परिजन, दादा की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर (मजरे जहांगीर नगर गहुरा) गांव से 13 वर्षीय किशोर दो दिन से लापता है। परिजनों ने रिश्तेदारियों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद किशोर के दादा ने थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, मोहनापुर निवासी रामस्वरूप पुत्र जुग्गीलाल का 13 वर्षीय नाती अंशु 28 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे शौच के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आस-पड़ोस और रिश्तेदारियों में भी जानकारी की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
परिजनों के अनुसार, लापता किशोर की लंबाई करीब चार फीट और रंग गोरा है। घर से निकलते समय उसने ग्रे रंग की टी-शर्ट, नीले रंग का लोअर और पैरों में पबजी लिखा हुआ चप्पल पहन रखी थी।
किशोर के दादा रामस्वरूप ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर पोते की तलाश कर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी गई है।