भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु, नगर पालिका की व्यवस्थाओं की हुई सराहना
गंगापुर। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका गंगापुर द्वारा आयोजित विशाल मेले में गुरुवार रात्रि को आयोजित भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक कलाकार गोकुल शर्मा एवं रतन राव ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो गया। सांवरिया सेठ के भजनों के लिए प्रसिद्ध गोकुल शर्मा को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगीत प्रेमी मेले में पहुंचे। देखते ही देखते पंडाल श्रोताओं से खचाखच भर गया और भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
विशाल मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में करवा चौथ के पावन अवसर पर आयोजित विशाल भजन संध्या विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं के करवा चौथ व्रत होने के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष कार्यक्रम में शामिल हुए। गोकुल शर्मा ने सांवरिया सेठ एवं भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। वहीं रतन राव ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया।
भजन संध्या के दौरान जैसे ही लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति शुरू हुई, पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ बनी रही।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए नगर पालिका की ओर से की गई व्यवस्थाएं भी चर्चा का विषय रहीं। उपस्थित लोगों ने मेले में की गई साफ-सफाई, रोशनी, बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। लोगों ने कहा कि विशाल मेले में इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शहरवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का अवसर भी मिल रहा है।
गुरुवार रात आयोजित भजन संध्या ने विशाल मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। देर रात तक पूरा मेला परिसर भक्ति, संगीत और उत्साह से सराबोर रहा।