चावल में मिली इल्लियां, चूहों ने कुतरे हुए थे कट्टे; 30 किलो चावल मौके पर करवाया नष्ट
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने गुरुवार को तीन प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सामग्री में गंभीर खामियां सामने आने पर करीब 9,210 किलो चावल और बेसन सीज किया गया, जबकि 30 किलो चावल मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने कुंदन एडिबल ऑयल इंडस्ट्रीज, गंगाराम एंड कंपनी तथा धनलक्ष्मी फ्लोर मिल्स का निरीक्षण किया। इस दौरान कुंदन एडिबल ऑयल इंडस्ट्रीज से सरसों और मूंगफली तेल के नमूने लिए गए, वहीं अन्य प्रतिष्ठानों से बेसन और चावल के नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण में चावल और बेसन में इल्लियां मिलीं। चूहों द्वारा चावल के कट्टे कुतरे हुए पाए गए। इसके अलावा खाद्य सामग्री बिना नाम, लेबल और आवश्यक पैकिंग विवरण के रखी मिली। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए 7,800 किलो चावल और 1,410 किलो बेसन सीज कर दिया। मौके पर 30 किलो चावल नष्ट करवाया गया तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार पाबंद किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह एवं दशरथ सिंह की टीम ने कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील की कि दीपावली पर खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का पूरा विवरण और मिठाइयों के निर्माण की तारीख अवश्य जांचें। उन्होंने बताया कि त्योहार के मद्देनजर जिले में सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को शुद्ध, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।