कबूतर पकड़ने के प्रयास में कुएं में गिरा 10 वर्षीय मासूम, सात घंटे बाद भी रेस्क्यू जारी

80 फीट गहरे कुएं में 25 फीट से अधिक पानी होने से बचाव कार्य में आ रही बाधा, मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 सरोजिनी नगर में शनिवार को कबूतर पकड़ने के प्रयास में एक 10 वर्षीय बालक पैर फिसलने से करीब 80 फीट गहरे कुएं में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी, फायर ब्रिगेड और पंपिंग सेट की मदद से बालक को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे थे। खबर लिखे जाने तक सात घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद बालक का पता नहीं चल सका था और रेस्क्यू अभियान जारी था।
जानकारी के अनुसार, सरोजिनी नगर निवासी साबिर अली का 10 वर्षीय पुत्र रेहान शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने साथियों के साथ घर से निकला था। घर से लगभग 800 मीटर दूर स्थित पुराने कुएं, जिसे स्थानीय लोग लाल मियां का कुआं बताते हैं, के पास बच्चे कबूतर पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण कुएं के आसपास हुई फिसलन से रेहान का पैर फिसल गया और वह करीब दोपहर 12 बजे गहरे कुएं में जा गिरा। बताया जा रहा है कि कुएं की गहराई लगभग 80 फीट है और उसमें 25 फीट से अधिक पानी भरा हुआ है।
रेहान के कुएं में गिरने की जानकारी उसके साथियों ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराया। शुरुआत में जेसीबी की मदद से बालक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने भी बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुएं में अधिक पानी होने के कारण दिक्कत आई।
इसके बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से कुएं में तीन पंपिंग सेट लगवाकर पानी निकालने का काम शुरू कराया। उधर, घटनास्थल पर रेहान की मां मदीना बेगम और बड़ा भाई कौनयेन अहमद का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजन और ग्रामीण बालक के सुरक्षित बाहर निकलने की उम्मीद लगाए प्रशासनिक रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए रहे।
खबर लिखे जाने तक कुएं से पानी निकालने का कार्य जारी था, लेकिन रेहान को बाहर नहीं निकाला जा सका था।
इस संबंध में थाना प्रभारी सत्यपाल पाल सिंह ने बताया कि कुएं में तीन पंपिंग सेट डालकर पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है पानी निकालने के बाद रिहान को रेस्क्यू किया जा सकेगा।