संघ के शताब्दी वर्ष पर जहाजपुर में निकला विराट पथ संचलन, 22 प्रमुख मार्गों से गुजरा स्वयंसेवकों का अनुशासित काफिला
ड्रोन से पुष्पवर्षा कर सौरभ मीणा ने जोड़ा आयोजन में अनूठा रंग, स्वयंसेवकों के साथ सामाजिक संगठनों और नगरवासियों पर भी बरसाए फूल।
जहाजपुर अलकेश पारीक
जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को जहाजपुर में निकले विराट पथ संचलन में अनुशासन, संगठनात्मक एकता और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। शहर की सड़कों पर एक साथ कदमताल करते स्वयंसेवकों का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान आसमान से बरसते फूलों ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।
ड्रोन से पुष्पवर्षा कर सौरभ मीणा ने खींचा ध्यान
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक सौरभ मीणा की विशेष पहल आकर्षण का केंद्र रही। उनकी ओर से ड्रोन के माध्यम से संचलन में शामिल स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कराई गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच अनुशासित कदमताल करते स्वयंसेवकों का दृश्य देखते ही बना। खास बात यह रही कि सौरभ मीणा ने केवल स्वयंसेवकों ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न स्थानों पर मौजूद सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और नगरवासियों पर भी ड्रोन से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस अनूठी पहल को देखने के लिए लोगों की निगाहें आसमान की ओर टिकी रहीं और कई लोगों ने इस दृश्य को मोबाइल कैमरों में कैद किया।
22 प्रमुख मार्गों से गुजरा विराट पथ संचलन
रविवार शाम राजराजेश्वर मंदिर से शुरू हुआ विराट पथ संचलन शहर के 22 प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरा। घास भैरूजी चौराहा, सदर बाजार, बिंदी दरवाजा, देवली रोड, अंबेडकर सर्किल, गोपाल जी मंदिर, पिपलेश्वर बालाजी, तकिया मस्जिद, जामा मस्जिद और चेतक चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संचलन खेल स्टेडियम पहुंचा।
जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
पथ संचलन के मार्ग में नगरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया। पूरे शहर में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। खेल स्टेडियम में समापन कार्यक्रम आयोजित हुआ। संघ के शताब्दी वर्ष के इस आयोजन में अनुशासन और सामूहिकता के साथ सौरभ मीणा की ड्रोन पुष्पवर्षा वाली पहल विशेष आकर्षण के रूप में सामने आई।