सादुलपुर :- ( बजरंग आचार्य )-
स्मार्ट हलचल|आगामी पंचायती राज चुनाव 2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस थाना राजगढ़ द्वारा एक माह का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बढ़ती असामाजिक गतिविधियों, बदमाशों की गतिविधियों और असामाजिक कृत्यों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए।
जिला पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद एन. (आईपीएस) के कुशल मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजगढ़ रिछपाल सिंह एवं वृताधिकारी राजगढ़ हरिसिंह बागावत के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत सेक्टर राजगढ़ के विभिन्न थानाधिकारियों द्वारा चुनाव में मतदाताओं पर प्रभाव डालने के लिए वाहनों से छेड़छाड़, आगे-पीछे गाटर लगाने, काली फिल्म का उपयोग करने तथा बिना नम्बरी वाहनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध शिकंजा कसा गया।
अक्टूबर 2026 के दौरान की गई इस कार्रवाई में कुल 754 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान एवं जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 43 वाहन चालकों, बिना नम्बरी 85 वाहनों, काली फिल्म लगे 277 वाहनों और गाटर लगे 185 वाहनों पर कार्रवाई की गई। साथ ही, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत कुल 199 वाहन जब्त किए गए।
पुलिस की इस व्यापक और सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। इस सफल अभियान से आमजन में भी सुरक्षा का एक बहुत ही सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से निरंतर अपील की जा रही है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें और सदैव सुरक्षित रहें।