स्व. गणपतलाल टेलर मेमोरियल अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता 4 नवंबर को, 8 टीमें भिड़ेंगी खिताबी मुकाबले में
महेन्द्र नागौरी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर में हॉकी की नई प्रतिभाओं को मैदान देने और युवाओं में खेल का जुनून जगाने के लिए विधायक अशोक कुमार कोठारी की पहल पर ‘खेलेंगे तो खिलेंगे’ विधायक खेल विकास योजना के तहत स्वर्गीय गणपतलाल टेलर की स्मृति में एक दिवसीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता आयोजित होगी। मुकाबले 4 नवंबर को एसएमएम गर्ल्स कॉलेज मैदान पर होंगे, जहां 8 टीमें खिताब के लिए दमखम दिखाएंगी।
योजना संयोजक शिक्षाविद विवेक निमावत, आयोजक सचिव अजीत जैन और कोच दिनेश सोलंकी ने बताया कि 7-ए-साइड नॉकआउट प्रारूप में होने वाली प्रतियोगिता में शाहपुरा, फुलिया, सवाईपुर, खामोर सहित भीलवाड़ा की टीमें हिस्सा लेंगी। रोटरेक्ट क्लब, भीलवाड़ा सोशल क्रू, मुस्कान फाउंडेशन और वीर सेवा संघ से जुड़ी टीमें भी मैदान में उतरेंगी।
हारते ही बाहर, जीतने वाली टीम बनेगी चैंपियन
एक दिवसीय नॉकआउट मुकाबलों में हर टीम के सामने जीत की चुनौती होगी। विजेता टीम को 2100 रुपए नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 11 बजे शुरू होकर शाम 7 बजे तक चलेगी।
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है।