त्योहार पर मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, 5 हजार लीटर तेल सीज

महेन्द्र नागौरी

गणेश उद्योग और श्री गणेश ऑयल पर छापा, कासोरिया में 250 किलो खराब मावा मौके पर नष्ट; खाद्य कारोबारियों में हड़कंप

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य सामग्री की खरीदारी के बीच मिलावटखोरों के मंसूबों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा प्रहार किया है। मंगलवार को जिले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो प्रतिष्ठानों से 5 हजार लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल सीज किया गया, वहीं बनेड़ा ब्लॉक के कासोरिया गांव में मावा प्लांट से मिला 250 किलो खराब और अनुपयोगी मावा मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीमों ने मिलावटखोरी के खिलाफ मोर्चा खोला। भीलवाड़ा के गणेश उद्योग में जांच के दौरान 3 हजार लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल सीज किया गया। वहीं अजमेर रोड स्थित श्री गणेश ऑयल से 2 हजार लीटर तेल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। दोनों प्रतिष्ठानों से तेल के नमूने लेकर जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
मावा प्लांट में मिला 250 किलो खराब माल, मौके पर ही कराया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने बनेड़ा ब्लॉक के कासोरिया गांव स्थित मावा प्लांट का निरीक्षण किया। यहां करीब 250 किलो खराब और अनुपयोगी मावा मिला। टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। संबंधित फर्म को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में सुधार के लिए नोटिस भी जारी किया गया।
सब्जी मंडी तक पहुंची जांच, मैदा का नमूना लिया
कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने शाम को सब्जी मंडी के वार्ड नंबर 31 स्थित श्री फूड्स का निरीक्षण किया। यहां से मैदा का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
त्योहार में मिलावट का खेल रोकने की तैयारी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, साक्षी जैन, विजय मेहता, नीरज मीणा, संजय वर्मा, कुलदीप चौधरी और अंकित शर्मा सहित जांच टीम के अधिकारी कार्रवाई में शामिल रहे।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में अभियान जारी रहेगा। मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता भी बने मिलावटखोरों के खिलाफ मुखबिर
विभाग ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी मिलावटी, अवधिपार या संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री अथवा भंडारण की जानकारी मिले तो जिला कंट्रोल रूम के नंबर 01482-232643 पर सूचना दें।
अब सवाल यह है कि त्योहारों पर लोगों की थाली तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए विभाग की यह मुहिम कितनी प्रभावी साबित होती है? जांच रिपोर्ट में तेल के नमूनों की हकीकत सामने आने के बाद ही पता चलेगा कि सीज किए गए तेल की गुणवत्ता कैसी थी