बनेठा थाने में तैनात दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कई महीनों से मिल रही थीं शिकायतें,
* अवैध बजरी परिवहन, साइबर ठगी से जुड़े लोगों से कथित सांठगांठ व अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोपों पर एसपी रोशन मीणा ने की कार्रवाई
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|उनियारा सर्किल के पुलिस थाना बनेठा में तैनात एक हैड कांस्टेबल एवं एक कांस्टेबल को कथित भ्रष्ट आचरण और अवैध गतिविधियों से जुड़े मामलों में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा (आईपीएस) ने 2 नवंबर को निलंबित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निलंबित पुलिसकर्मियों में हैड कांस्टेबल दयाराम (बेल्ट नंबर 323) एवं कांस्टेबल मोहम्मद फैज (बेल्ट नंबर 80) शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध पिछले कई महीनों से अवैध बजरी खनन एवं परिवहन, साइबर ठगी से जुड़े लोगों से कथित संपर्क, अवैध शराब बिक्री तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों को संरक्षण देने संबंधी शिकायतें मिल रही थीं।
कथित तौर पर शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने वाले लोगों को परेशान किया जाता था। साथ ही निर्दोष व्यक्तियों को कथित रूप से झूठे मामलों में फंसाने, धमकाने एवं मारपीट करने जैसी शिकायतें भी सामने आई थीं।
बजरी परिवहन की शिकायत करने वाले युवक को शिवाड़ से पकड़ने और मारपीट का आरोप
कुछ दिनों पूर्व भी अवैध बजरी परिवहन के वीडियो बनाकर पुलिस के उच्चाधिकारियों को भेजने वाले एक युवक की लोकेशन पता कर उसे कथित तौर पर एक बजरी माफिया को साथ लेकर शिवाड़, थाना क्षेत्र चौथ का बरवाड़ा (जिला सवाई माधोपुर) से गिरफ्तार करने और मारपीट करने का मामला भी सामने आया था। आरोप है कि इसी रात बनेठा कस्बे के एक अन्य युवक पर अवैध बजरी परिवहन के नाम पर कथित वसूली का दबाव बनाया गया तथा पुलिस थाने में उसके साथ मारपीट की गई। इन घटनाओं को लेकर भी संबंधित पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए थे।
पूर्व में स्थानांतरण के बाद फिर बनेठा थाने में तैनाती
शिकायतों के चलते हैड कांस्टेबल दयाराम का पूर्व में पुलिस थाना बनेठा से पुलिस थाना पचेवर स्थानांतरण किया गया था। हालांकि, कुछ समय पूर्व बनेठा थाना क्षेत्र में दूधिया राजू गुर्जर की हत्या के प्रकरण में जांच कमेटी के कार्य के संबंध में उन्हें दोबारा बनेठा थाने पर बुलाया गया था। आरोप है कि हैड कांस्टेबल करीब पांच वर्षों से बनेठा थाना क्षेत्र में लगातार तैनात रहे और उनके कार्य व्यवहार को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही थीं। वहीं कांस्टेबल मोहम्मद फैज के विरुद्ध भी कथित अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही शिकायतों एवं सामने आए गंभीर आरोपों को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल
बनेठा थाने में तैनात दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद उनियारा सर्किल क्षेत्र सहित पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक टोंक की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच एवं विभागीय कार्रवाई के निष्कर्षों के बाद ही होगी।