महेन्द्र नागौरी
रायपुर के बाड़ी में भोज फूड प्रोडक्ट इकाई पर कार्रवाई, मौके पर ही मावे को करवाया नष्ट; त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने के दावों के बीच विभाग की निगरानी पर भी उठे सवाल?
भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल|दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिलावटखोरों की सक्रियता की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। रायपुर तहसील के बाड़ी स्थित मेसर्स भोज फूड प्रोडक्ट इकाई पर खाद्य सुरक्षा टीम ने दबिश देकर करीब 250 किलो मावा मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इतनी बड़ी मात्रा में मावे को नष्ट करवाने की कार्रवाई ने त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात रायपुर के बाड़ी स्थित भोज फूड प्रोडक्ट इकाई का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 250 किलोग्राम मावा नष्ट करवाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली के दौरान मिठाइयों, मावे और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर असुरक्षित खाद्य सामग्री बाजार में खपाए जाने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए विभाग की टीमें लगातार प्रतिष्ठानों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर रही हैं।
कार्रवाई के दौरान ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी रायपुर डॉ. अभिनव मीणा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव मौजूद रहे।
250 किलो मावा नष्ट, लेकिन सवाल कई…
दीपावली पर घर-घर मिठाइयां पहुंचेंगी। बाजार में मावे और उससे बनी मिठाइयों की मांग भी तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में सवाल यह है कि खाद्य निर्माण इकाइयों में तैयार होने वाली सामग्री की नियमित जांच कितनी प्रभावी है? क्या विभाग की निगरानी केवल त्योहारों के आसपास होने वाली छापेमारी तक सीमित है या सालभर भी ऐसी इकाइयों पर नजर रखी जाती है?
करीब 250 किलो मावा नष्ट करवाने की कार्रवाई निश्चित रूप से मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ सख्त संदेश है, लेकिन आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहना भी जरूरी है। त्योहार की मिठास में मिलावट का जहर न घुले, इसके लिए विभाग को बाजार से लेकर निर्माण इकाइयों तक सख्त निगरानी रखनी होगी।