महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 रेलकर्मियों को किया सम्मानित, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर-स्मार्ट हलचल|आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने सुरक्षित रेल संचालन और यात्री सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 3 नवंबर को उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में त्योहारों की तैयारियों, रेल सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल संचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के साथ कवच प्रणाली से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।
बैठक में त्योहारों के दौरान प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सर्दियों में कोहरे की आशंका वाले क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक की निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग तथा विद्युत और सिग्नल उपकरणों के रखरखाव की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और कर्मचारियों को संरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा आधारभूत संरचना, निर्माण परियोजनाओं, पूंजीगत कार्यों, रेलवे ट्रैक की फेंसिंग, कार्य निष्पादन और आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने की आवश्यकता जताई।
बैठक के दौरान संरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 रेलकर्मियों को महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उन्होंने रेलकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।