16108 श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव: चारभुजानाथ को बारात लेकर पधारने का आमंत्रण
मंगल लग्न पत्रिका का लेखन कर विभिन्न मंदिरों में समर्पित की; 20 नवंबर को मेडिसिटी ग्राउंड पर होगा महोत्सव
भीलवाड़ा, 4 नवंबर।स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर आयोजित होने वाले 16108 श्री तुलसी-शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव से पहले बुधवार को मंगल लग्न पत्रिका का लेखन किया गया। इसके साथ ही राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ सहित शहर के विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ को बारात लेकर पधारने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया गया।
सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में होने वाले आयोजन के लिए मंगल लग्न पत्रिका का लेखन महोत्सव के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज के सानिध्य में हुआ। यजमान परिवारों और समिति सदस्यों ने पत्रिका भगवान चारभुजानाथ के मंदिरों में समर्पित की।
श्री गढ़बोर चारभुजानाथ को आमंत्रित करने के लिए यजमान राधेश्याम-रितेश चेचाणी परिवार और मुख्य समिति के सदस्य 21 वाहनों से श्रद्धालुओं के साथ रवाना होंगे। भीलवाड़ा के बड़े चारभुजाजी मंदिर में यजमान रामप्रकाश-मनीष बहेड़िया परिवार, दूदाधारी गोपाल मंदिर में घनश्याम-मुकेश-राकेश सेठिया परिवार, संजय कॉलोनी चारभुजा मंदिर में सत्यनारायण-दिनेश ईनाणी परिवार और मांडल स्थित शेषसहाय चारभुजा मंदिर में कैलाश तोतला परिवार ने श्रद्धालुओं के साथ पत्रिका समर्पित कर भगवान को बारात लेकर पधारने का आमंत्रण दिया।
आयोजन समिति संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि सांवरिया सेठ नौगांवा तथा सुभाषनगर, गायत्रीनगर, पटेलनगर और सांगानेर स्थित चारभुजाजी मंदिरों में 11 नवंबर को लग्न पत्रिका देकर बारात लेकर पधारने का निवेदन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दीपावली के मद्देनजर निर्धारित अंतिम तिथि निकलने के बाद भी श्रद्धालुओं के आग्रह पर धर्म माता-पिता बनने के लिए पंजीयन जारी है।
गग्गड़ ने कार्यकर्ताओं से आयोजन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने और परिजनों, मित्रों व समाजजनों को महोत्सव से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा में पहली बार हो रहे इस आयोजन में कोई भी श्रद्धालु सहभागी बनने से वंचित न रहे, इसके लिए इच्छुक दंपतियों को शीघ्र पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाए।
महामहोत्सव के कार्यक्रम 17 नवंबर से शुरू होंगे। 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड पर रुक्मिणी मंगल कथा होगी। कथा का वाचन श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज करेंगे।
मंगल पत्रिका लेखन कार्यक्रम में आयोजन समिति अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी सहित समिति पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।