BRICS सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत जागरूकता कार्यक्रमों में योग, पौष्टिक आहार, जल और ऊर्जा बचत का दिया संदेश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण में छिपी है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में BRICS Sustainable Lifestyle Week-2026 के तहत महिला अधिकारिता विभाग की ओर से पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के माध्यम से 3 एवं 4 नवंबर को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बालिकाओं और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की जिम्मेदारी समझाई गई।
कार्यक्रम के तहत 3 नवंबर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पटेल स्कूल, ब्यावर में बालिकाओं को नियमित योग, व्यायाम और साइकिलिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं। साथ ही वृक्षारोपण को बढ़ावा देने, अधिकाधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
बालिकाओं को बिजली और पानी की बर्बादी रोकने के उपाय बताते हुए जरूरत नहीं होने पर विद्युत उपकरण बंद रखने तथा दिन में प्राकृतिक रोशनी का उपयोग करने की सलाह दी गई। मक्का, बाजरा और चने जैसे पौष्टिक मोटे अनाज को भोजन में शामिल करने तथा पारंपरिक खाद्य पदार्थों को अपनाने पर भी जोर दिया गया।
इसी क्रम में 4 नवंबर को महिलाओं को स्वस्थ दिनचर्या, नियमित योग-व्यायाम और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें जल संरक्षण का महत्व बताते हुए ‘जल है तो कल है’ का संदेश दिया गया। साथ ही अनावश्यक बिजली खर्च रोकने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम में राजीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की ओर से मोटे अनाज एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके माध्यम से पौष्टिक भोजन के महत्व, सतत खाद्य प्रणाली अपनाने और भोजन की बर्बादी रोकने का संदेश दिया गया।
अंत में बालिकाओं एवं महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। वहीं बालिकाओं ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।