एक-एक वोट की ताकत समझाने गांवों में उतरी स्वीप टीम, महिलाओं ने ली मतदान की शपथ

ग्राम सभाओं में जागरूकता का संदेश, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को किया प्रेरित

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। जिला स्वीप टीम की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। इनमें महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने का संकल्प लिया।ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को मतदान के महत्व और लोकतंत्र में प्रत्येक वोट की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। सामूहिक शपथ और संवाद के माध्यम से पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचाया संदेश

मतदाता जागरूकता अभियान को गांवों के प्रत्येक घर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्मिकों ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ग्रामीणों से परिवार के सभी पात्र सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देशन में जिला स्वीप टीम द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक वर्ग तक मतदान का संदेश पहुंचाकर मतदान को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।