नगर परिषद ने सजावट प्रतियोगिता की तय की रूपरेखा, पांच सर्वश्रेष्ठ बाजारों को मिलेंगे 11 हजार से 2100 रुपए तक के नकद पुरस्कार
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।दीपावली के उल्लास को शहर की सुंदरता और स्वच्छता से जोड़ने के लिए नगर परिषद ब्यावर ने अनूठी पहल की है। दीपोत्सव पर शहर के बाजारों और प्रमुख स्थानों को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सजाने वाले व्यापारियों को नगर परिषद की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इस संबंध में सभापति श्रीमती पुष्पा बल्दुआ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुरस्कारों की घोषणा की गई।निर्णय के अनुसार 8 एवं 9 नवंबर 2026 को ब्यावर के मुख्य बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर दीपावली की सजावट का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट सजावट करने वालों को प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपए, द्वितीय 7100 रुपए, तृतीय 5100 रुपए, चतुर्थ 3100 रुपए तथा पंचम पुरस्कार 2100 रुपए दिया जाएगा। विजेताओं को नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।
नगर परिषद ने शहर के समस्त व्यापारिक बंधुओं एवं नागरिकों से दीपावली पर अपने प्रतिष्ठानों, बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई, स्वच्छता, आकर्षक सजावट तथा रोशनी की व्यवस्था करने की अपील की है। परिषद की इस पहल का उद्देश्य शहर में दीपावली के उत्सव को सामूहिक सहभागिता के साथ मनाने के साथ ही ब्यावर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमगाता स्वरूप देना है।