रोबोटिक डॉग और मार्स रोवर ने खींचा ध्यान, विज्ञान मेले में दिखी नन्हे वैज्ञानिकों की प्रतिभा

अटल टिंकरिंग लैब में विद्यार्थियों ने तैयार किए अनूठे मॉडल, विज्ञान के प्रयोगों से दिया नवाचार का संदेश

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर में क्षेत्रीय विज्ञान मेले का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। मेले में बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडल, प्रयोगों और नवाचारों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोविंद कुमार, प्रांतीय निरीक्षक नवीन झा, क्षेत्रीय विज्ञान विषय प्रमुख ओमप्रकाश पुरोहित, अरुण दुबे, जिला मंत्री मनोज कुमार टेलर, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष रमेश चंद्र भराडिया, सचिव हेमेन्द्र दगदी एवं सह-अध्यक्ष गोविंद सेन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विज्ञान मेले में बाल वर्ग के विद्यार्थियों ने घर्षण, विद्युत संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन, अपशिष्ट प्रबंधन एवं संवेदक आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। किशोर वर्ग में मानव हृदय की कार्यप्रणाली, गति, परमाणु संरचना तथा सेंसर आधारित प्रयोग प्रदर्शित किए गए। वहीं तरुण वर्ग के विद्यार्थियों ने जैविक कृषि, विद्युत धारा के चुंबकीय प्रभाव एवं खाद्य उद्योग से संबंधित शोधपरक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया।

रोबोटिक डॉग और मार्स रोवर रहे विशेष आकर्षण

मेले में विद्यालय के विद्यार्थी गिरीश जोशी द्वारा अटल टिंकरिंग लैब में तैयार किए गए रोबोटिक डॉग एवं मार्स रोवर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रोबोटिक डॉग को सुरक्षा एवं निगरानी के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जबकि मार्स रोवर के माध्यम से मंगल ग्रह पर जीवन की संभावनाओं के अध्ययन की अवधारणा प्रस्तुत की गई। इन नवाचारों को प्रधानाचार्य नवीन सैनी के मार्गदर्शन एवं अटल टिंकरिंग लैब प्रमुख विकास सांखला के तकनीकी निर्देशन में तैयार किया गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान, तार्किक क्षमता एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।