रमेश चन्द डाड
आकोला|विश्व आयुर्वेद परिषद भीलवाड़ा के तत्वावधान एवं सहयोग से हुआ आयोजन
ग्रामीणों को मिला निःशुल्क परामर्श, जांच एवं औषधियां; हर्बल वाटिका का कराया अवलोकन
बन का खेड़ा को ‘आयुष्मान आदर्श ग्राम पंचायत’ बनाने का लिया गया संकल्प
बन का खेड़ा /भीलवाड़ा, 6 नवंबर 2026:स्मार्ट हलचल|भगवान धन्वंतरि जयंती के पावन अवसर पर विश्व आयुर्वेद परिषद, भीलवाड़ा (राजस्थान) के सहयोग से आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं राजकीय आयुर्वेद औषधालय, बन का खेड़ा में धन्वंतरि पूजन एवं निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. मुकेश वैष्णव के सान्निध्य में भगवान धन्वंतरि के विधिवत पूजन, दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के कई ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क आवश्यक जांचें की गईं एवं मौसमी व जीर्ण रोगों के उपचार हेतु निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों व प्रबुद्धजनों के बीच आयुर्वेद के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही औषधालय परिसर में स्थापित हर्बल वाटिका का ग्रामीणों को भ्रमण करवाकर विभिन्न औषधीय पादपों की पहचान एवं उनके घरेलू स्वास्थ्य लाभों के विषय में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों एवं ग्रामीणों ने समवेत स्वर में बन का खेड़ा ग्राम पंचायत को ‘आयुष्मान आदर्श ग्राम पंचायत’ बनाने का दृढ़ संकल्प लिया, ताकि गांव के प्रत्येक परिवार तक समग्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुगमता से पहुंच सकें।
इस आयोजन को सफल बनाने में सीएचओ देवेंद्र सिंह, नर्स लाड कुमारी आचार्य, एएनएम आशा धोबी, योग प्रशिक्षक शिव प्रकाश सुथार, परिचारक शांता देवी, कृषि अधिकारी भूरी मीणा, उस्मान अंसारी सहित क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग व सक्रिय सहभागिता रही।