पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की पहल पर एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में बालिकाओं को किया जागरूक
अनिल कुमार खींची
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।स्वस्थ जीवनशैली केवल अच्छी सेहत ही नहीं, बल्कि बेहतर समाज की भी पहचान है। इसी संदेश के साथ BRICS Sustainable Lifestyle Week के तहत शुक्रवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर, ब्यावर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं को बताया गया कि संतुलित दिनचर्या, नियमित स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजगता स्वस्थ जीवन का आधार हैं। अच्छी आदतें अपनाकर न केवल स्वयं को स्वस्थ रखा जा सकता है, बल्कि शिक्षा और दैनिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया गया कि प्रकृति को सुरक्षित रखना भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है। बालिकाओं को कचरे का उचित निस्तारण, पुरानी वस्तुओं के पुनर्चक्रण और उपयोगी सामान को दोबारा इस्तेमाल करने के तरीके बताए गए। खुले में कचरा फेंकने और जलाने से होने वाले प्रदूषण एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई।
सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग जगदीश चौधरी ने कहा कि स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। प्रत्येक व्यक्ति को इन जिम्मेदारियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए, तभी स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।