मिट्टी के दीपों से रोशन हो दिवाली, स्वदेशी अपनाकर बढ़ाएं कारीगरों का मान

जिला कलक्टर कमल राम मीना ने जिलेवासियों को दी पर्वों की शुभकामनाएं, सुरक्षित दीपावली मनाने के साथ लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी की अपील

अनिल कुमार खींची

स्मार्ट हलचल।ब्यावर।दीपोत्सव की खुशियों के बीच जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने जिलेवासियों से स्वदेशी अपनाने, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण के साथ दीपावली मनाने का आह्वान किया। उन्होंने दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

 

जिला कलक्टर ने पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण का सफल आयोजन संपन्न होने पर मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों, निर्वाचन कार्मिकों एवं पुलिसकर्मियों का आभार जताया। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आमजन की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए चतुर्थ चरण के मतदान में भी निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों एवं कलाकारों द्वारा तैयार मिट्टी के दीपक खरीदकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें। इससे हमारी पारंपरिक कला एवं संस्कृति को संरक्षण मिलेगा और स्थानीय कारीगरों की आजीविका को भी संबल मिलेगा।

 

कलक्टर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रीन पटाखों का उपयोग करने तथा प्रशासन एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की। आतिशबाजी के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व स्वच्छता, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं।