पोटलां में लोक-आस्था और गो-धन के पर्व ‘गोवर्धन’ व ‘खेखरा’ की धूम: घर-घर रची गोवर्धन की आकृतियां, मंदिरों में छका अन्नकूट, एक दर्जन मोहल्लों में सजे पूजित बैल
पोटलां। स्मार्ट हलचल|गांव-गंवई की समृद्ध संस्कृति, पशुधन के प्रति अनन्य प्रेम और अटूट लोक-आस्था का संगम मंगलवार को पोटलां कस्बे में साफ नजर आया। दीपावली पर्व श्रृंखला के तहत कस्बे में ‘गोवर्धन पूजा’ एवं पारंपरिक ‘खेखरा उत्सव’ अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और वैदिक-लोक परंपराओं के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से लेकर देर रात तक पूरा कस्बा भक्ति, लोकगीतों और उत्सव के रंगों से सराबोर रहा।
घर-घर रचे गोबर के गोवर्धन, बैलों को खिलाया गुड़ और नेवज
कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा पर प्रातःकाल से ही कस्बे के हर घर के बाहर उत्सव सा माहौल था। गृहिणियों ने अपने-अपने आंगनों और मुख्य द्वारों पर पवित्र गाय के गोबर से भगवान गोवर्धननाथ की नयनाभिराम आकृतियां बनाईं। गोवर्धन प्रतिमा पर चावल, चवला, नया ताजा दही अर्पित कर धूप-दीप जलाए गए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। कृषक संस्कृति के संवाहक बैलों का विशेष शृंगार किया गया। किसानों ने बैलों को नहला-धुलाकर सींगों पर रंग, कौड़ियां और गेंदे के फूलों की मालाएं पहनाईं। पूजन के पश्चात उन्हें गुड़ तथा विशेष रूप से तैयार ‘वापसी-नेवज’ खिलाकर आशीर्वाद लिया गया।
आधा दर्जन से अधिक देवालयों में अन्नकूट महोत्सव, पंगत में उमड़ी संगति
कस्बे के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अन्नकूट का भव्य महाप्रसाद तैयार किया गया। भगवान को 56 भोग व विविध व्यंजनों का भोग लगाने के पश्चात विशाल पंगत प्रसादी का आयोजन हुआ।रावला चौक स्थित बड़ा मंदिर,सुनारों का मोहल्ला मंदिर,बाहेतियों की मंडी प्रांगण,नाइयों का मोहल्ला, नई नगरी, लिबड़ा बावजी जैसे सभी स्थानों पर सैकड़ों ग्रामीणों ने एक साथ पंक्ति (पंगत) में बैठकर अन्नकूट का महाप्रसाद ग्रहण किया।
एक दर्जन मोहल्लों में पारंपरिक ‘खेखरा’ की रंगत
दीपावली के अगले दिन होने वाले सुप्रसिद्ध खेखरा पर्व पर कस्बे के एक दर्जन से अधिक प्रमुख स्थलों पर किसानों व पशुपालकों का जमघट लगा। किसान अपने आकर्षक ढंग से सजाए गए बैलों को लेकर पहुंचे, जहां सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। पुराना अस्पताल परिसर, मुख्य बाजार, लिबड़ा बावजी, ज्वालों का मोहल्ला, कीर मोहल्ला, रैगर मोहल्ला, पारीक मोहल्ला, माली मोहल्ला, पूरबिया मोहल्ला, खटीक मोहल्ला तथा पुराना माली मोहल्ला।
इन सभी स्थानों पर ढोल-धमाकों और लोक-उत्साही जयकारों के बीच बैलों का प्रदर्शन व पूजन हुआ। वृद्धजनों ने युवाओं को इस कृषि-परंपरा के महत्व से अवगत कराया। पूरा कस्बा दिनभर गो-धन की जय-जयकार और पारंपरिक पर्व के उल्लास में डूबा नजर आया।