लाडपुरा में गोवर्धन पूजा पर घरों के बाहर सजे गोवर्धन
लाडपुरा |स्मार्ट हलचल|कस्बे के खोखरा व डामटी सहित आसपास क्षेत्र के गांवों में मंगलवार को सुबह घरों के बाहर महिलाओं ने गोवर्धन की पूजा की। श्रद्धा और उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। सुबह से ही महिलाओं ने अपने घरों के बाहर गोबर से सुंदर गोवर्धन पर्वत बनाकर उन्हें दीपों और रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजाया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और गौमाता के संरक्षण की कामना की। गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस लीलात्मक घटना की स्मृति में मनाई जाती है, जब उन्होंने इंद्रदेव के कोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए अपनी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। इस दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर पूजा की जाती है, अन्नकूट का भोग लगाया जाता है और गायों की सेवा व पूजा का विशेष महत्व होता है। उसके पश्चात अन्नकूट का भोग लगाया गया। महिलाओं ने अपने घरों में बने विविध व्यंजनों का भोग भगवान को अर्पित कर पूजा संपन्न की। बता दें कि दिवाली के बाद आने वाला यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की स्मृति में मनाया जाता है।
श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया दीपावली का पर्व
दीपावली पर्व पर वाहनों की सामूहिक लक्ष्मी पूजा की
रविवार को दीपावली का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही कस्बे व चौराहे पर लोगों की भीड़ लगी रही। सुबह से ही मिठाई, सजावट, श्रृंगार, मिट्टी के दियों व गन्नों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने जमकर खरीददारी की। कस्बे व क्षेत्र में मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा कर अपनों से बड़ों का आशीर्वाद लिया। घर व दुकानों में सुबह से शाम तक पूजा की गई। घरों में रंगोली सजाए गए और सुख-समृद्धि की देवी लक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन किया गया। महालक्ष्मी, गणेश व सरस्वती का पूजन कर बही-खातों व वाहनों का पूजन किया गया। वाहनों की सामूहिक लक्ष्मी पूजा की गई। प्रसाद के रूप में मिठाई वितरित की गई। उत्साह व उमंग के साथ दीपावली का त्योहार मनाया गया। मिट्टी के दीये व मोमबत्तियों के अलावा लाइट के झालरों की रोशनी से सजावट रही। महिलाओं ने शाम को अपने घरों के बाहर दीप जलाए।