FSL जांच में फर्जी निकले दस्तावेज, परिवादी के हस्ताक्षर तक किए गए थे कूटरचित; पुष्कर पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/ स्मार्ट हलचल|धार्मिक नगरी पुष्कर के आसपास जमीनों को लेकर चल रहे विवादों के बीच फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि हड़पने के कथित प्रयास का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम गनाहेड़ा की जमीन से जुड़े इस मामले में पुष्कर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी आनंद गोयल (50) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन पर हिस्सेदारी साबित करने के लिए वर्ष 2006 का फर्जी इकरारनामा तैयार किया गया और उस पर परिवादी के फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज को असली बताकर इस्तेमाल किया गया।
FSL रिपोर्ट ने खोली फर्जीवाड़े की पोल!
पुलिस के अनुसार, परिवादी टीकमचंद टेमाणी ने 27 जुलाई 2026 को न्यायालय के माध्यम से इस्तगासा पेश किया था। इसके आधार पर थाना पुष्कर में FIR संख्या 255/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम गनाहेड़ा, तहसील पुष्कर स्थित भूमि को लेकर आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए 4 जून 2006 का कथित फर्जी इकरारनामा तैयार किया। इस दस्तावेज पर परिवादी के जाली हस्ताक्षर किए गए।
मामले में दस्तावेज की एफएसएल जांच करवाई गई, जिसमें दस्तावेज के फर्जी एवं कूटरचित होने के साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने बताई है। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
जयपुर-अजमेर में तलाश, आनंद गोयल गिरफ्तार
आरोपी की तलाश के लिए पुष्कर थाना पुलिस की विशेष टीम जयपुर और अजमेर रवाना की गई। पुलिस ने 7 नवंबर 2026 को वांछित आरोपी आनंद गोयल पुत्र स्वर्गीय रामेश्वरलाल गोयल (50), निवासी 38 नवगृह कॉलोनी, पुष्कर रोड, अजमेर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया है।
अभी और नाम आ सकते हैं सामने!
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किसकी क्या भूमिका रही और इस पूरे घटनाक्रम में अन्य कौन-कौन शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई में यह टीम रही शामिल
पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी अशोक बिश्नोई, सहायक उप निरीक्षक गोविंद सहाय तथा हेड कांस्टेबल मोतीराम सहित पुष्कर थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि गनाहेड़ा की जमीन से जुड़े कथित फर्जी इकरारनामे के पीछे और कौन-कौन चेहरे हैं? पुलिस की आगामी जांच में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।