रमेश चंद्र डाड
संस्कारवान विद्यार्थी ही देश और समाज के निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका – जग जितेन्द्र सिंह
आकोला:-स्मार्ट हलचल|आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय, मांडलगढ़ में बुधवार को प्रातः 11:15 बजे पूर्व छात्र परिषद का स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं, पूर्व आचार्यों एवं वर्तमान आचार्य परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें ताजा हुईं तथा पूर्व विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के प्रति अपनी आत्मीयता एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। वातावरण भक्तिमय एवं प्रेरणादायी रहा। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया तथा पूर्व छात्र परिषद के स्नेह मिलन कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक जग जितेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्कारहीन व्यक्ति उच्च पद प्राप्त करने के बावजूद समाज में सम्मान प्राप्त नहीं कर सकता। जीवन में सफलता के साथ संस्कारों का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्कारवान विद्यार्थियों की प्रतिभा का उपयोग देश एवं समाज के हित में होना चाहिए। इसी उद्देश्य को लेकर पूर्व छात्र परिषद द्वारा वर्तमान समय में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण सहित अनेक समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के लिए एक निश्चित लक्ष्य एवं संकल्प निर्धारित करें तथा सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए अभी से निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभिभावकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर समाज में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीलवाड़ा विद्या भारती शिक्षा संस्थान के सदस्य राजेन्द्र कुमार काबरा ने कहा कि आदर्श विद्या मंदिर के पूर्व विद्यार्थी देश एवं समाज के जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता एवं संस्कारों के माध्यम से आदर्श स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थियों को जीवन जीने की कला, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक दायित्वों का बोध भी कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी एवं मूल्यपरक शिक्षा ग्रहण कर उच्च पदों पर आसीन होने का दृढ़ संकल्प लेने तथा निरंतर अध्ययन एवं परिश्रम के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी अनिल जाट ने की। उन्होंने भी विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
स्नेह मिलन समारोह का विशेष आकर्षण पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा अपने अनुभवों की प्रस्तुति रही। इस अवसर पर पूर्व छात्र आशुतोष सेन, राजेन्द्र सिंह, शंकरलाल एवं राधेश्याम सालवी तथा पूर्व छात्राएं निकिता सेन, शिवानी स्वर्णकार, प्रज्ञा जैन एवं राजश्री वर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यालय में अध्ययन के दौरान बिताए गए समय, आचार्यों के मार्गदर्शन, अनुशासन, संस्कारों एवं जीवन में मिली प्रेरणाओं से जुड़े संस्मरण साझा किए। पूर्व विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में प्राप्त शिक्षा एवं संस्कार उनके वर्तमान जीवन की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बने हैं। अपने पुराने साथियों एवं गुरुजनों से मिलकर सभी पूर्व विद्यार्थी भावुक एवं उत्साहित नजर आए।
स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य गणपत सिंह वर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व छात्र परिषद के स्नेह मिलन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ना, उनके बीच आत्मीय संबंध मजबूत करना तथा विद्यालय एवं समाज के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पूर्व विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक संस्था से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही वर्तमान विद्यार्थियों को पूर्व छात्रों के संघर्ष, अनुभव एवं उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
समारोह में उपस्थित पूर्व छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में अपने अध्ययन काल की यादों को ताजा किया तथा अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार प्रकट किया। इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों एवं वर्तमान आचार्य परिवार के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। सभी ने विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भविष्य में भी सहयोग करने की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं, पूर्व आचार्य तथा स्थानीय विद्यालय के आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे। समारोह ने पूर्व विद्यार्थियों को एक बार फिर अपने विद्यालय, गुरुजनों एवं सहपाठियों से जुड़ने का सुखद अवसर प्रदान किया।
अंत में पूर्व छात्र परिषद के सह संयोजक अभिषेक श्रौत्रिय ने सभी अतिथियों, पूर्व विद्यार्थियों, पूर्व आचार्यों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। स्नेह, सम्मान, संस्कार एवं पुरानी यादों के साथ समारोह का समापन हुआ।