* लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए विद्युत पोल और लाइटें बनीं शोपीस, पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/दूनी। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका मंडल दूनी द्वारा क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर किए जा रहे दावे त्योहारों के दौरान सवालों के घेरे में आ गए हैं। पालिका प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते दूनी नहर से सरोली मार्ग पर लाखों रुपये की लागत से लगाए गए नए विद्युत पोल और स्ट्रीट लाइटें दीपावली के पावन पर्व पर भी रोशन नहीं हो सकीं। प्रकाश के पर्व पर भी पूरा मार्ग अंधेरे में डूबा रहा, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसको लेकर शहरवासियों में नाराजगी व्याप्त है।
लाखों का बजट खर्च-फिर भी लाइटें बंद
स्थानीय शहरवासियों ने बताया कि नगर पालिका मंडल द्वारा कुछ समय पूर्व दूनी-सरोली मार्ग पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नए विद्युत पोल लगाए गए थे। इन पोलों पर स्ट्रीट लाइटें भी फिट कर दी गई थीं। लोगों को उम्मीद थी कि दीपावली तक पूरा मार्ग रोशनी से जगमगाएगा, लेकिन त्योहार बीत जाने के बाद भी लाइटें चालू नहीं हो सकीं। ऐसे में लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद आमजन को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पाई।
अंधेरे में दुर्घटनाओं का अंदेशा-राहगीर परेशान
दूनी-सरोली मार्ग पर दिनभर और देर रात तक वाहनों एवं राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेषकर त्योहारों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने से परेशानी और अधिक हो जाती है। शहरवासियों का सवाल है कि जब स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं तो उन्हें चालू करने में देरी क्यों की जा रही है?
पालिका प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग
दूनी के शहरवासियों ने नगर पालिका मंडल के उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि दूनी-सरोली रोड पर लगाए गए सभी स्ट्रीट लाइटों को अविलंब बिजली कनेक्शन से जोड़कर चालू करवाया जाए, ताकि आमजन को अंधेरे से निजात मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो सके।