12 वर्षों तक मौन तपस्या करने वाले महात्मा के नाम से प्रसिद्ध है सैकड़ों वर्ष पुराना मंदिर, अशोक प्रधान ने दी आयोजन की जानकारी
शिवराज बारवाल मीना
दिल्ली। स्मार्ट हलचल|राजधानी दिल्ली के ब्रह्मपुरी स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर (मौनी बाबा मंदिर) परिसर में पहली बार सामूहिक गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्री शिव मंदिर मौनी बाबा मंदिर निर्माण एवं विकास सेवा समिति (रजिस्टर्ड) के प्रधान अशोक शर्मा एवं कानूनी सलाहकार एडवोकेट राजेंद्र सिंह तोमर (राजा भैया) ने पत्रकारों को बताया कि आयोजन की शुरुआत सुबह मंदिर में अन्नकूट महोत्सव के तहत कढ़ी एवं मिश्रित सब्जियों के प्रसाद वितरण से हुई। इसके बाद सामूहिक गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया।
12 वर्षों की मौन तपस्या से पड़ा मौनी बाबा नाम
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्राचीन मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है। मान्यता है कि पूर्व में एक महात्मा ने इस मंदिर में लगातार 12 वर्षों तक मौन धारण कर तपस्या की थी। इसी कारण यह मंदिर मौनी बाबा मंदिर के नाम से प्रसिद्ध हुआ। मंदिर परिसर में पहली बार समिति की ओर से सामूहिक गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया।
गोबर से बनाई विशाल गोवर्धन प्रतिमा-फूलों से सजाया
आयोजन के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार शुद्ध गोबर से विशाल गोवर्धन महाराज की प्रतिमा तैयार की गई। कलाकारों ने प्रतिमा को विभिन्न रंगों, फूलों और पत्तियों से आकर्षक रूप में सजाया। मंदिर के पुजारी पंडित बुद्धि प्रकाश ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
जनप्रतिनिधियों एवं समिति पदाधिकारियों ने दिया सहयोग
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रीय निगम पार्षद अनिल गौड़, मंदिर समिति के उपप्रधान प्रशांत निर्वाण, विशेष कार्याधिकारी जीतराम शर्मा, कोषाध्यक्ष रामकुमार भदौरिया, महासचिव सतीश राघव, सचिव सोमबीर सिंह, रोहताश गर्ग, दलीप भदौरिया, लक्ष्मण तोमर, अजय त्यागी, धर्मबीर, एमपी सिंह, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष परशुराम रावत एवं महासचिव शेखर भाई सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने धार्मिक आयोजन में सहयोग करते हुए सामूहिक गोवर्धन पूजा को सफल बनाया। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।