प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान हुए सम्मानित, युवाओं को मिली आगे बढ़ने की प्रेरणा
जहाजपुर अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल।आदर्श ग्राम गाड़ोली में मंगलवार को बड़ी माता मंदिर परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में शिक्षा, खेलकूद एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 98 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह का सबसे गौरवपूर्ण पहलू यह रहा कि बीते एक वर्ष में गांव के 44 युवाओं का राजकीय सेवा में चयन हुआ है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की सरकारी नौकरी में सफलता से गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सत्यपाल जी रहे, जबकि अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष अमर सिंह मीना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच पूजा मीणा, पूर्व सरपंच अशोक जी, शिवलाल जी, शिवरतन जी, कप्तान जी, मोहनलाल जी, लादूलाल जी, भरत सिंह जी एवं रामकुंवार जी सहित गांव के वरिष्ठजन मौजूद रहे।
अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। मेहनत, लगन और उचित मार्गदर्शन के बल पर गांव के युवा भी बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। युवाओं की सफलता पूरे गांव के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ता है और आने वाली पीढ़ी को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
समारोह में सभी 98 प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कमेटी सचिव लोकेश कुमार मीणा, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह मीणा एवं याद राम मीणा, कोषाध्यक्ष अर्जुन जी, विकास जी तथा संत कुमार जी का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
गांव के 44 युवाओं का राजकीय सेवा में चयन और 98 प्रतिभाओं का सम्मान गाड़ोली के लिए गौरव का विषय बना। समारोह ने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, मेहनत और सफलता की एक नई मिसाल पेश की।