अवैध गाइडों और लपकों पर कार्रवाई की मांग; समाधान नहीं होने पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
चित्तौड़गढ़, 12 नवम्बर। स्मार्ट हलचल|विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों, आमजन और ऑटो रिक्शा चालकों के कथित शोषण पर रोक लगाने की मांग को लेकर ऑटो रिक्शा चालक यूनियन (इंटक) ने प्रशासन को पुनः स्मरण पत्र सौंपा है। यूनियन के जिलाध्यक्ष अय्यूब अली जाफरी ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का ठोस समाधान नहीं किया गया तो जन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन में जाफरी ने आरोप लगाया कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों को लपकों के गिरोह बसों को काफी दूरी से ही रुकवाकर अपने जाल में फंसाते हैं। आरोप है कि कुछ होटल, धर्मशालाओं और विश्रान्तिगृहों के साथ सांठ-गांठ कर पर्यटकों से मनमानी राशि वसूली जाती है। ऑटो चालकों से कम किराया तय करवाकर पर्यटकों से प्रति सवारी अधिक राशि वसूलने की शिकायत भी की गई है। इससे पर्यटकों का आर्थिक शोषण होने के साथ ऑटो चालकों की छवि भी खराब हो रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि दुर्ग भ्रमण के दौरान दर्शनीय स्थलों के टिकटों के नाम पर पर्यटकों से मनमानी राशि वसूली जाती है और उनके साथ धोखाधड़ी की जाती है। यूनियन ने धर्म के आधार पर अलग-अलग दरें तय किए जाने का आरोप भी लगाया।
यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि दुर्ग क्षेत्र में जगह-जगह ऑटो रिक्शा किराए की सूची, पर्यटन स्थलों के प्रवेश शुल्क और विभिन्न ठहराव स्थलों की दरों का स्पष्ट एवं पर्याप्त रूप से प्रदर्शन किया जाए, ताकि पर्यटकों को पहले से सही जानकारी मिल सके और मनमानी वसूली पर रोक लगाई जा सके। जाफरी के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री जगदीशराज श्रीमाली, सामाजिक कार्यकर्ता मांगीलाल सोलंकी, अम्बालाल शेरसिया निम्बाहेड़ा, जगदीश सोलंकी, शिवसेना जिला प्रमुख गोपाल वेद, नगर अध्यक्ष शंकर राव, रमेशचन्द्र महाराज, संगठन मंत्री अजरूदीन उर्फ अज्जु, मुबारिक हुसैन, सत्यनारायण पटवा, संगठन मंत्री राकेश खोईवाल, सलाहकार रूस्तम, उपसंरक्षक अय्यूब अबाजी, रमेश भोपाजी, अजित, बाबु शान, मुन्ना और जिला उपाध्यक्ष मुश्ताक अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर प्रशासन अथवा संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।