चुनाव में धांधली का आरोप, मानपुरा में पुनर्मतदान की मांग

सरपंच प्रत्याशी और ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन; मतगणना प्रक्रिया पर उठाए सवाल

चित्तौड़गढ़।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत मानपुरा में सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए सरपंच प्रत्याशी और ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाकर पुनर्मतदान कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि चुनाव के दौरान पीठासीन अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों और सरपंच प्रत्याशी सत्यनारायण वैष्णव की मिलीभगत से परिणाम प्रभावित किया गया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, बस्सी तहसीलदार की मौजूदगी में बैलेट पेपर के पहले बंडल की जांच के दौरान सत्यनारायण वैष्णव के पक्ष में एक मत मिला, जबकि 49 मतपत्र अन्य प्रत्याशी राजेश कुमावत के पक्ष में पाए गए। आरोप है कि इसके बाद राजनीतिक दबाव के चलते शेष बंडलों की जांच नहीं की गई।

ज्ञापन में यह भी दावा किया गया कि मतगणना के दौरान कार्बन कॉपी से प्रत्याशियों के नाम लिखे हुए मतपत्र मिले, जबकि वास्तविक मतपत्रों पर प्रत्याशियों के नाम हाथ से लिखे हुए थे। शिकायतकर्ताओं ने मतगणना कक्ष का दरवाजा पूरे समय खुला रहने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि इससे मतगणना की निष्पक्षता प्रभावित हुई।

ग्रामीणों ने चन्द्रेश जैन, स्थानीय विद्युत लाइनमैन दलपत सिंह, पुलिसकर्मी प्रवीण और स्थानीय बीएलओ राजमल सुथार पर भी एक प्रत्याशी के पक्ष में सहयोग करने का आरोप लगाया। साथ ही संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) द्वारा अपनी सुविधा के अनुसार वीडियोग्राफी करवाने की बात कहते हुए पूरी प्रक्रिया की निरंतर और निष्पक्ष वीडियोग्राफी नहीं होने पर सवाल उठाए।

ज्ञापन में आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मानपुरा ग्राम पंचायत में पुनर्मतदान कराने की मांग की गई। इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों और दूसरे पक्ष का पक्ष ज्ञापन में उपलब्ध नहीं है।