आर्यिका संस्कृति श्री माताजी का नैनवां से निवाई की ओर विहार जारी, बंजारी से अरनिया माल पहुंचा संघ

पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत, अहिंसा, सत्य, संयम और मानव सेवा का दिया संदेश

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बूंदी/नैनवां। स्मार्ट हलचल|दिव्य तपस्वी संत आचार्य सुंदर सागर जी महाराज, जो इन दिनों निवाई में चातुर्मास कर रहे हैं, उनकी शिष्या आर्यिका संस्कृति श्री माताजी का चातुर्मास संपन्न होने के बाद नैनवां से निवाई की ओर विहार निरंतर जारी है।गुरुवार को आर्यिका संस्कृति श्री माताजी का संघ बंजारी से विहार करते हुए अरनिया माल पहुंचा। माताजी सुबह एवं दोपहर दोनों समय पैदल विहार कर रही हैं। इस दौरान नैनवां से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं भी संघ के साथ चल रहे हैं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर माताजी का भव्य स्वागत किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विहार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालु पैदल चलकर धर्मयात्रा में सहभागी बन रहे हैं। इस दौरान आर्यिका माताजी ने श्रद्धालुओं को अहिंसा, सत्य, संयम, तप एवं मानव सेवा का संदेश दिया। अरनिया माल पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों एवं संघ के साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से माताजी का स्वागत-अभिनंदन किया। समाज के लोगों ने बताया कि आर्यिका संस्कृति श्री माताजी के विहार से क्षेत्र में धर्ममय वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं में धर्म और आध्यात्म के प्रति विशेष उत्साह है। विहार यात्रा में चातुर्मास उपाध्यक्ष आशीष मोदीका, मंत्री विनोद जैन बन्नी, निर्मल पाटनी, मोनू बरमुंडा, रिंकू जैन, जिनेंद्र जैन, आयुष जैन, दीक्षित जैन, वैभव जैन, कल्पित जैन, भावेश जैन, मन्नू जैन, आरव जैन, स्नेहा जैन, यथांशी जैन, ग्रेसी जैन एवं परिणिता जैन सहित समाज के अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। गुरुवार रात्रि को संघ का विश्राम सोनवा में होगा। विहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर समाज के कार्यकर्ता भी साथ चल रहे हैं।