पांच साल के लंबे इंतजार के बाद फिर दौड़ी रोडवेज ई-बस, 12 गांवों के ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत,

 

* लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देशन एवं निजी सचिव हरिनंदन कहार के प्रयासों से क्षेत्र को मिली परिवहन सेवा की सौगात

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बूंदी। स्मार्ट हलचल|झालीजी का बराना क्षेत्र के ग्रामीणों की पांच साल पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा का संचालन एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देशन एवं उनके निजी सचिव हरिनंदन कहार के निरंतर प्रयासों से कोटा से बराना, गैंडोली एवं जिला मुख्यालय बूंदी तक दो नई पीएम ई-बसों का संचालन शुरू हुआ है। इस सुविधा से क्षेत्र के करीब 12 गांवों के हजारों ग्रामीणों एवं यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
*ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत, निजी वाहनों की मनमानी से मिलेगी निजात*
झालीजी का बराना बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निजी सचिव एवं कहार कीर-केवट-कश्यप-मेहरा विकास मंच के प्रदेशाध्यक्ष हरिनंदन कहार ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। पांच साल बाद गांव में सरकारी बस पहुंचने पर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने बस चालक एवं परिचालक का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा बांधकर भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने बताया कि बस सेवा बंद होने के कारण उन्हें मजबूरी में महंगे निजी वाहनों से यात्रा करनी पड़ती थी। अब रोडवेज ई-बस सेवा शुरू होने से इस परेशानी से काफी हद तक निजात मिलेगी।
*क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध : हरिनंद कहार*
इस अवसर पर ग्रामीणों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं उनके निजी सचिव हरिनंदन कहार का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में उनके निजी सचिव हरिनंदन कहार क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। सड़क, बिजली, पानी एवं परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से क्षेत्र के विकास को गति मिल रही है। इस पहल की बूंदी जिला परिषद वार्ड संख्या 11 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सोनिया कहार सहित क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए आभार जताया। बस सेवा शुरू होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
*यह रहेगा ई-बसों का समय और रूट*
प्रशासन द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार कोटा से सुबह एवं शाम दो समय बस सेवा उपलब्ध रहेगी।
*सुबह की बस सेवा:*
पहली बस सुबह 6 बजे कोटा से रवाना होकर केशवरायपाटन, कापरेन, बोरदा माल, नयागांव, कालीतलाई, झालीजी का बराना, गैंडोली, खटकड़ एवं तालेड़ा होते हुए वापस कोटा पहुंचेगी।
*शाम की बस सेवा:*
दूसरी बस शाम 4 बजे कोटा से रवाना होकर तालेड़ा, बूंदी, खटकड़, कुवागांव एवं फौलाई होते हुए गैंडोली पहुंचेगी। इसके बाद शाम 6 बजे यही बस गैंडोली से रवाना होकर झालीजी का बराना होते हुए कोटा जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान अजय कहार, कन्हैयालाल कहार, रामप्रसाद गोचर, लोकेश जैन, कृष्णमुरारी, भोजराज गुर्जर, रामचरण, त्रिलोक गौतम, मुकेश बैरवा, बाबूलाल प्रजापति एवं सोनू कहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।