रोजगार मेले में 221 युवाओं का चयन, 12 को मौके पर मिले नियुक्ति पत्र

453 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 13 कंपनियों ने की प्रतिभागियों की चयन प्रक्रिया; राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने सौंपे नियुक्ति पत्र

स्मार्ट हलचल|खखरेरू फतेहपुर क्षेत्र के गुरसंडी स्थित निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में 453 युवाओं ने प्रतिभाग किया। मेले में शामिल विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 221 अभ्यर्थियों का चयन किया। इनमें से 12 चयनित युवाओं को मुख्य अतिथि दुग्ध एवं पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए
नियुक्ति
पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कृष्णा पासवान और बुंदेलखंड राष्ट्रीय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अतिथियों ने रोजगार मेले में पहुंचकर चयन प्रक्रिया का जायजा लिया और युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
रोजगार मेले में कुल 15 कंपनियों को प्रतिभाग करना था, लेकिन मिंडा और ब्लीकेट कंपनी के प्रतिनिधि नहीं पहुंच सके। शेष 13 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की। इनमें वेलस्पन, भारतीय जीवन बीमा निगम, फतेहपुर प्राइम कनेक्ट सर्विस, ब्राइट फ्यूचर, आरएसोसिएट, रक्षा सिक्योरिटी, अडानी सोलर, पुखराज हेल्थकेयर, फ्लुरा इंश्योरेंस, फ्लिपकार्ट, वोडाफोन और जयशक्ति सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं।
रोजगार मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 453 युवाओं ने अलग-अलग कंपनियों में रोजगार पाने के लिए आवेदन और साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर चयन किया। इस प्रक्रिया में कुल 221 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयनित किया गया। इनमें से 12 अभ्यर्थियों को कार्यक्रम स्थल पर ही मुख्य अतिथि कृष्णा पासवान ने नियुक्ति पत्र सौंपे।
आयोजन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा। इस तरह के आयोजनों से युवाओं को अपने जिले और आसपास के क्षेत्रों में ही रोजगार पाने के लिए विभिन्न कंपनियों तक पहुंचने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण यादव, शैलेश पांडेय, चेतन बाजपेयी, मनीष पांडेय, रामनरेश तिवारी, गिरीश दुबे, राकेश अरोड़ा, महेंद्र सिंह, आनंदी प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।