100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार, पूर्व में दो हो चुके गिरफ्तार
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में स्कूटी सवार युवक पर लोहे के सरियों और पाइपों से जानलेवा हमला करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर हमलावरों की पहचान की।
**सुखाड़िया सर्किल के पास घेरकर किया था हमला**
सहायक उप निरीक्षक साबिर मोहम्मद के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे सुखाड़िया सर्किल के पास ब्यावर बुकिंग के सामने घर लौट रहे विपिन कुमार (45) निवासी नेहरू विहार पर अज्ञात हमलावरों ने लोहे के सरियों और पाइपों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। विपिन अपने दोस्त के घर से वापस लौट रहे थे। हमले में उनके पैरों में पांच फ्रैक्चर हो गए थे। मामले में सदर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
**100 से अधिक कैमरों की फुटेज से मिला सुराग**
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने 12 अक्टूबर को धीरेन्द्र देवाल उर्फ गोटू भाम्बी और करण साठिया को गिरफ्तार किया था, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया।
**अब इन दो आरोपियों को बापर्दा किया गिरफ्तार**
पुलिस ने अब भरत सिंह रावत (21) पुत्र गोपाल सिंह रावत निवासी आरके कॉलोनी, हाल किरायेदार चपरासी कॉलोनी तथा गोविंद सालवी (22) पुत्र मनोहरलाल मेघवाल निवासी आरके कॉलोनी को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त लट्ठ और सरिया भी बरामद किए हैं।
**प्रेम प्रसंग के विवाद में हमले की आशंका**
प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हमले की पूरी साजिश और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।