छठी मैया के जयकारों से गूंजेंगे घाट, आज से महापर्व शुरू

 

मानसरोवर झील पर सजेगी भोजपुरी भजन संध्या, तीन घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब; संगीता तिवारी समेत नामचीन कलाकार बांधेंगे समां

महेन्द्र नागौरी

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। अगले चार दिन भीलवाड़ा छठी मैया की भक्ति में सराबोर रहेगा। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति ने मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स और लव गार्डन के घाटों पर व्यापक तैयारियां की हैं। हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मानसरोवर झील पर आज भक्ति का रंगारंग संगम
शुक्रवार शाम मानसरोवर झील पर भव्य भोजपुरी भजन संध्या होगी। इसमें संगीता तिवारी मुख्य आकर्षण रहेंगी। उनके साथ भोला पांडे, देवेश सिंह कुंदन, पूनम पांडे और नीरज प्रिय साथी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय होगा।
समिति ने तीनों घाटों पर सफाई, पूजा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं। आयोजन में प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।
16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य:-
समिति अध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। मुख्य संरक्षक मोहन शरण शास्त्री ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुवे कहा कि छठ पर्व आस्था, तपस्या, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने में जुटे हैं।