जन्म के दूसरे दिन ही अपनों ने छोड़ा, पालना गृह में मिली मासूम, नाम मिला ‘दीया’; एनआईसीयू में लड़ रही जिंदगी की जंग,

बाल कल्याण समिति ने संभाली देखभाल और पुनर्वास की जिम्मेदारी

*पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|नौ महीने तक मां की कोख में पलने वाली जिस मासूम को जन्म के बाद मां की ममता और परिवार का सहारा मिलना चाहिए था, उसे दुनिया में आने के महज दूसरे दिन ही अपनों ने बेसहारा छोड़ दिया। महात्मा गांधी चिकित्सालय की मातृ एवं शिशु यूनिट के पालना गृह में शुक्रवार रात एक नवजात बच्ची मिली। महज 1.900 किलोग्राम वजन की इस मासूम की हालत नाजुक बनी हुई है। सांस लेने में परेशानी और कमजोर शारीरिक स्थिति के चलते उसे एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। बाल कल्याण समिति ने बच्ची का काल्पनिक नाम ‘दीया’ रखा है।

अस्पताल चौकी पर तैनात राजेश कुमार मीणा के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 1:10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात बच्ची को पालना गृह में छोड़ा। बच्ची को पालने में रखते ही अलार्म बज उठा। सायरन की आवाज सुनकर अस्पतालकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पालने में मासूम बिलखती हुई मिली। चिकित्साकर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे एनआईसीयू में भर्ती कराया। डॉ. इंद्रा सिंह, नर्सिंग प्रभारी सुनील पोरवाल सहित चिकित्सकीय टीम ने बच्ची का उपचार शुरू किया।

*बाल कल्याण समिति ने संभाली जिम्मेदारी*

मामले की जानकारी मिलते ही बाल कल्याण समिति अध्यक्ष चन्द्रकला ओझा और सदस्य विनोद राव ने स्वतः संज्ञान लिया। दोनों अस्पताल पहुंचे और बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर चिकित्सकों को बेहतर उपचार एवं समुचित देखभाल के निर्देश दिए। समिति ने बच्ची की देखरेख के लिए यशोदा कर्मचारी लगाने तथा सुरक्षा के लिए महिला गार्ड तैनात करने के संबंध में पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है।

*अब ‘दीया’ के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी समिति पर*

बाल कल्याण समिति ने मासूम को ‘दीया’ नाम दिया है। फिलहाल उसकी पूरी निगरानी, उपचार, सुरक्षा और पुनर्वास की जिम्मेदारी समिति संभालेगी। एनआईसीयू में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही इस नन्ही जान की सलामती के लिए हर कोई दुआ कर रहा है। जन्म के चंद घंटों बाद ही अपनों से बिछड़ी ‘दीया’ के जीवन में अब ममता और सुरक्षा की नई रोशनी जगाने की जिम्मेदारी व्यवस्था के कंधों पर है।