18 नवंबर को टाउन हॉल में ट्रेनिंग; 173 पर्यवेक्षक, 173 सहायक और इतने ही अतिरिक्त सहायक संभालेंगे मतगणना की कमान
महेन्द्र नागौरी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|पंचायत चुनाव की सियासी जंग के बाद अब नतीजों की बारी है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतगणना में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए 603 कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। 18 नवंबर को सुबह 11 बजे नगर निगम के महाराणा प्रताप सभागार (टाउन हॉल) में यह ट्रेनिंग होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि प्रशिक्षण में मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक और अतिरिक्त मतगणना सहायक सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। सभी को मतगणना की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और निर्धारित नियमों के अनुसार काम करने की जानकारी दी जाएगी।
एक-एक टेबल पर रहेगी प्रशासन की नजर
प्रशिक्षण में 173 मतगणना पर्यवेक्षक, 173 मतगणना सहायक और 173 अतिरिक्त मतगणना सहायक शामिल होंगे। इनके अलावा 21 एआरओ/आरओ तथा आरओ-एआरओ टेबल पर तैनात किए जाने वाले तीन-तीन स्टाफ के 63 कार्मिक भी प्रशिक्षण लेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर है कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित रहे, ताकि चुनाव परिणाम घोषित करने के दौरान किसी तरह की गफलत या विवाद की स्थिति पैदा नहीं हो।