सोनवा से टोंक पहुंचा जैन संत संघ-माताजी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु,

 

* विहार मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत, माताजी ने दिया अहिंसा, सत्य और संयम का संदेश

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|चातुर्मास की पूर्णता के बाद पूज्य आर्यिका संस्कृति श्री माताजी का मंगलमय विहार निरंतर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जैन संत संघ ने सोनवा से टोंक तक पद विहार किया। संघ के टोंक पहुंचने पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। माताजी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
दिव्य तपस्वी आचार्य श्री सुंदर सागर जी महाराज की शिष्या आर्यिका संस्कृति श्री माताजी ने प्रातःकाल से ही पैदल विहार प्रारंभ किया। दोपहर तक विहार जारी रहा। सोनवा से टोंक तक पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संघ के साथ चलते रहे। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर माताजी की अगवानी की तथा चरण वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने मंगल प्रवचनों में माताजी ने कहा कि अहिंसा ही सबसे बड़ा धर्म है। सत्य, संयम, तप और मानव सेवा को जीवन में आत्मसात करना ही सच्ची साधना है। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। माताजी के मंगल वचनों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। टोंक नगर में प्रवेश करते ही स्थानीय जैन समाज ने भक्तिभाव के साथ संत संघ का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे नगर का वातावरण धर्ममय हो गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सहित सभी वर्गों के श्रद्धालु माताजी के दर्शन के लिए पहुंचे। आर्यिका माताजी के भक्त जिनेन्द्र जैन ने बताया कि विहार के दौरान चातुर्मास उपाध्यक्ष आशीष मोडीका, मंत्री विनोद जैन बन्नी, राहुल कटारिया, निखिल जैन, आयुष जैन, मन्नू जैन, वैभव जैन, आरव जैन, किरण कासलीवाल, निसर्ग सोगानी, आस्था जैन एवं अंजू जैन सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आर्यिका माताजी की आहार चर्या रीको इंडस्ट्री एरिया, टोंक में संपन्न हुई, जबकि रात्रि विश्राम अशोका मोटर्स, बरौनी में होगा। विहार के दौरान समाज के कार्यकर्ता व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए संत संघ के साथ चल रहे हैं।