(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/पशुपालकों एवं किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक, पशु चिकित्सा सेवाओं का भी किया निरीक्षण
पुष्कर। स्मार्ट हलचल|अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्री पुष्कर पशु मेला-2026 अब पूरी रौनक पर आने लगा है। मेले में पशुओं एवं पशुपालकों की बढ़ती आवक के बीच व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार को नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया एवं मेला अधिकारी डॉ. नवीन परिहार ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का दौरा किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान नगर परिषद सभापति ने मेला क्षेत्र में मौजूद पशुपालकों एवं किसानों से सीधा संवाद कर मेले में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सफाई व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया।
पशुपालकों ने मेले में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान सभापति एवं मेला अधिकारी ने मेला क्षेत्र में पशुओं के उपचार के लिए संचालित 24 घंटे उपलब्ध दड़ा पशु चिकित्सा केंद्र, मोबाइल वेटरनरी यूनिट तथा विभिन्न चौकियों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों से चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं तथा पशुओं को तत्काल
उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर नगर परिषद पार्षद मुकेश कुमावत, सरपत सिंह रावत, मोहित पाराशर सहित
पशुपालन विभाग के डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़, डॉ. इदरीश, डॉ. धर्मेंद्र चौधरी, डॉ. श्रुतिकांत राणा, डॉ. मुकेश गुर्जर, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी गोपाल मेहरड़ा एवं पशुधन प्रसार अधिकारी अजय सैनी सहित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।