पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर नेहरू विहार स्थित पार्क में उनकी प्रतिमा खंडित मिलने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोज पालीवाल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए भीमगंज थाने में लिखित रिपोर्ट देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पालीवाल ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली थी कि नेहरू विहार पार्क में स्थापित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने तोड़कर गिरा दिया है। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सत्यापन के दौरान सामने आया कि प्रतिमा काफी दिनों से क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। पार्क में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं सार्वजनिक स्थलों पर समाज के लिए आदर्श और प्रेरणा के प्रतीक के रूप में स्थापित की जाती हैं। इनसे आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरणा लेती हैं। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा को खंडित करना बेहद निंदनीय और गंभीर अपराध है। सार्वजनिक स्थल पर स्थापित प्रतिमा सरकारी संपत्ति है और उसे नुकसान पहुंचाना भी कानूनन अपराध है।
पालीवाल ने पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में अपने लेटर पैड पर लिखित रिपोर्ट भीमगंज थानाधिकारी को सौंपी है। साथ ही पार्क की नियमित साफ-सफाई और प्रतिमा की उचित देखरेख सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।