आधुनिक भारत की नींव रखने वाले प्रथम प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल। आधुनिक भारत के निर्माण की मजबूत नींव रखने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर शनिवार को ब्यावर में कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में नगर परिषद परिसर स्थित नेहरू स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरूजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रनिर्माण, लोकतंत्र की मजबूती और देश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू ने आजाद भारत को विकास, वैज्ञानिक सोच और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत राह दिखाई। शिक्षा, उद्योग, विज्ञान और संवैधानिक संस्थाओं को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। उनके विचार आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए मार्गदर्शक हैं।
पूर्व विधायक माणक डाणी ने कहा कि नेहरूजी ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्रनिर्माण तक अपना जीवन देश के नाम समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा, तकनीक और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देकर भारत को आधुनिक राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खनन विकास एवं उत्थान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने कहा कि नेहरूजी का सपना एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत का था। वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक समानता और धर्मनिरपेक्षता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी प्रासंगिक है। बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम के चलते उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि नेहरूजी का जीवन और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते रहेंगे। लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की रक्षा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष अजमत काठात, पार्षद विक्रांत यादव, एडवोकेट घनश्याम फुलवारी, प्रिंस ओस्तवाल, राजेन्द्र तुनगरिया, कांता ग्वाला, गोपाल डाणी, जिला महासचिव चेतन प्रकाश सांखला, योगेश पंचोली, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बिरदी चंद खोरवाल, सतीश जाग्रत, चेतन भट्ट, राहुल भट्ट, राहुल कड़ीवाल, इलियास चीता, श्रवण काठात, पप्पू पहलवान, कैलाश बैरवा, सुरेंद्र बैरवा, अशोक पंडित सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नेहरूजी के आदर्शों को अपनाने और उनके राष्ट्रनिर्माण के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।