महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान की अलख जगाने बिजयनगर पहुंची प्रियदर्शनी उड़ान योजना

इशिका जैन के नेतृत्व में उमड़ा महिलाओं का हुजूम, सैकड़ों महिलाओं को वितरित किए निःशुल्क सेनेटरी पैड

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/बिजयनगर।स्मार्ट हलचल।महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की पहल है। इसी उद्देश्य को लेकर प्रियदर्शनी उड़ान योजना के तहत बिजयनगर में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं स्टार प्रचारक इशिका जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर महिला एकजुटता और जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य और व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व पर जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें अपने अधिकारों और स्वाभिमान के प्रति सजग बनाना रहा।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष इशिका जैन ने जिले में महिला सशक्तिकरण की मुहिम को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर जागरूकता समाज में सकारात्मक बदलाव की आधारशिला है। प्रियदर्शनी उड़ान योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम की मुख्य सूत्रधार जिला कांग्रेस महासचिव लाली गुर्जर एवं कांग्रेस कार्यकर्ता दिलीप सिंह रहे। उनके विशेष प्रयासों से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर महिला जिला कांग्रेस प्रवक्ता ममता जैन, एससी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बिरदी चंद खोरवाल, बिजयनगर के पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष दौलत राम सहित कांग्रेस की अनेक महिला कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।