आदित्य सीमेंट के कार्मिक की मौत के बाद हंगामा, सांसद-सरपँच की मध्यस्थता से बनी बात

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|चित्तौड़गढ़ जिले के शंभूपुरा स्थित आदित्य सीमेंट प्लांट में कार्यरत स्थायी कार्मिक की मौत के बाद शुक्रवार को दिनभर हंगामा और प्रदर्शन का दौर चला। मृतक कार्मिक आशाराम जाट निवासी केसरपुरा हाल जालमपुरा की शुक्रवार सुबह मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार मृतक आशाराम जाट आदित्य सीमेंट में स्थायी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। सुबह मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और गांव के लोग फैक्ट्री के मुख्य गेट पर जमा हो गए और मृतक के पुत्र अनिल को स्थाई नोकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के चलते फैक्ट्री परिसर के बाहर तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसके बाद भारी पुलिस जाप्ता लगाया गया।
परिजनों की मुख्य मांग थी कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।

सांसद और सरपंच की मध्यस्थता से शांत हुआ मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलने पर शाम को चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी और स्थानीय सरपंच रामप्रसाद जाट आदित्य सीमेंट प्लांट पहुंचे। दोनों नेताओं ने पहले परिजनों और ग्रामीणों से बात की, उनकी पीड़ा सुनी और फिर फैक्ट्री प्रबंधन व इनके दिल्ली कार्यलय के उच्चाधिकारियों से वार्ता की।
कई घंटे चली समझाइश और वार्ता के बाद दोनों नेताओं की मध्यस्थता में अहम भूमिका रही और मामला शांत हो पाया।
प्रबंधन और परिजनों के बीच हुए समझौते के अनुसार, मृतक के पुत्र अनिल को 3 माह के भीतर स्थायी नौकरी देने का लिखित आश्वासन दिया गया है। आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
दोनों प्रमुख नेताओं की मध्यस्थता के बाद ही यह मामला शांत हो पाया जिसके चलते परिजनों सहित ग्रामीणों ने सांसद जोशी व सरपँच जाट का आभार जताया।