शिवराज बारवाल मीना
टोंक/निवाई। स्मार्ट हलचल|आचार्य भगवन 108 श्री सुंदर सागर महाराज की परम प्रभावक शिष्या आर्यिका 105 श्री संस्कृति श्री माताजी ससंघ का शुक्रवार दोपहर 1 बजे अशोका मोटर्स, बरौनी से निवाई के लिए मंगल विहार हुआ। विहार में नैनवां से 100 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालु आचार्य श्री सुंदर सागर जी गुरुदेव एवं आर्यिका श्री संस्कृति श्री माताजी के जयकारे लगाते हुए साथ चले।
निवाई पहुंचने पर जैन समाज के लोगों ने आर्यिका माताजी की भव्य अगवानी की। इसके पश्चात आचार्य संघ के साथ ऐतिहासिक मंगल मिलन हुआ। इस दौरान आर्यिका माताजी ने आचार्य श्री सुंदर सागर जी महाराज की चरण वंदना कर उनकी परिक्रमा की। गुरु-शिष्या के इस अलौकिक मिलन के दृश्य को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उल्लेखनीय है कि निवाई में आचार्य श्री सुंदर सागर महाराज के 50वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में 14 एवं 15 नवंबर को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। विहार में शामिल रिंकू जैन ने बताया कि कार्यक्रम में नैनवां जैन समाज, चातुर्मास समिति के सदस्य, सुंदर युवा मंच नैनवां के सदस्य सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।