विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान को लेकर चित्तौड़गढ़ विभाग की बैठक 16 नवंबर को

केंद्रीय मंत्री अंबरीश जी एवं प्रांत संगठन मंत्री नितिन भारत करेंगे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन

चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान को गति देने एवं संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से आगामी 16 नवंबर 2026, सोमवार को चित्तौड़गढ़ विभाग की विभागीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं विशेष संपर्क विभाग के माननीय अंबरीश जी का चित्तौड़गढ़ विभाग में प्रवास रहेगा। बैठक में प्रांत संगठन मंत्री माननीय नितिन भारत एवं प्रान्त मंत्री कोशल गौड़ भी उपस्थित रहेंगे।विभाग मंत्री विश्वनाथ टांक ने बताया की बैठक का उद्देश्य विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करना तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना है। अभियान के अंतर्गत डिजिटल वीएचपी कनेक्ट ऐप के माध्यम से लोगों को हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विभाग संयोजक योगेश दशोरा ने कहा बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, विभाग, जिला, महानगर, प्रखंड एवं खंड स्तर तक संगठन की समितियों का गठन शीघ्र पूर्ण करने तथा सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के माध्यम से संगठन का विस्तार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

केंद्रीय मंत्री अंबरीश जी द्वारा संगठन की आगामी योजनाओं, हितचिंतक अभियान की कार्ययोजना एवं डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया जाएगा। वहीं प्रांत संगठन मंत्री नितिन जी संगठन की कार्यपद्धति, संगठनात्मक दायित्वों एवं अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

बैठक में चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा एवं प्रतापगढ़ जिले की जिला कार्यकारिणी, सभी प्रखंड कार्यकारिणी एवं चित्तौड़गढ़ नगर के कार्यकर्ता अपेक्षित रहेंगे।

बैठक का आयोजन बस स्टैंड के सामने स्थित ऋतुराज वाटिका, चित्तौड़गढ़ में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे केंद्रीय मंत्री अंबरीश जी के आगमन के साथ होगा। प्रातः 10:30 बजे प्रथम सत्र, 11:30 बजे सामूहिक चाय, दोपहर 12:00 बजे द्वितीय सत्र, 1:00 बजे भोजन एवं दोपहर 2:00 बजे समापन सत्र आयोजित होगा।

विश्व हिंदू परिषद चित्तौड़गढ़ विभाग में आने वाले 3 जिलो के जिला मंत्री जिनमे चित्तौड़ जिला मंत्री चन्द्रशेखर सोनी, निम्बाहेड़ा जिला मंत्री भरत पालीवाल और प्रतापगढ़ जिला मंत्री यशपाल सिंह ने केंद्रीय मंत्री के प्रवास कार्यक्रम की तैयारियो का जायजा लेते हुए सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर बैठक में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। सभी कार्यकर्ता अपना आधार कार्ड नंबर एवं ई-मेल आईडी साथ लेकर आएं।