बार-बार ट्रिपिंग से किसान परेशान, गाडरमाला ग्रिड निकलने वाली बिजली फीडर पर बार-बार लाइट बंद होने से रबी की फसल पर संकट
गुरला :-स्मार्ट हलचल|गाडरमाला से निकलने वाली चावडेरी फीडर पर पिछले कई दिनों से बार-बार लाइट बंद और ट्रिपिंग की समस्या ने किसानों की नींद उड़ा दी है। सिंचाई के सबसे महत्वपूर्ण समय में जब खेतों को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, उसी समय बिजली गुल हो जाती है। कभी लाइट आती है तो कभी कुछ ही मिनटों में फिर चली जाती है। इस आंख मिचौली से किसान बेहद परेशान हैं। किसान सुबह से लेकर देर रात तक खेतों में बिजली आने का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन ट्रिपिंग की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत दी है। हर बार आश्वासन मिलता है कि जल्द ही फीडर को ठीक कर दिया जाएगा, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। किसान बताते हैं कि शिकायत करने पर कभी कहा जाता है कि लोड ज्यादा है, कभी कहा जाता है कि तार में फॉल्ट है, तो कभी कहा जाता है कि ट्रांसफार्मर में दिक्कत आ गई है। लेकिन स्थाई समाधान आज तक नहीं हुआ है। इससे किसानों में बिजली विभाग और सरकार के प्रति गहरी नाराजगी है। गाडरमाला ग्रिड से जुड़े गांवों में बड़ी संख्या में किसान खेती पर ही निर्भर हैं। यहां के अधिकतर किसानों के पास सिंचाई का एकमात्र साधन ट्यूबवेल और कुएं पर लगी मोटर है, जो बिजली से ही चलती है। जब बिजली नहीं आती है तो मोटर नहीं चलती और खेत सूखे रह जाते हैं। इस समय रबी सीजन की बुवाई का समय चल रहा है। गेहूं, सरसों, चना, जौ और सब्जियों की फसल को समय पर पानी देना बहुत जरूरी है। समय पर पानी नहीं मिलने से अंकुरण ठीक से नहीं हो रहा है और जो फसल उग भी गई है, वह पीली पड़ने लगी है।
किसान और अन्य किसानों ने बताया कि वे रात को दो-दो बजे तक जागकर बिजली का इंतजार करते हैं। कई बार तो पूरी रात खेत में ही गुजारनी पड़ती है। ठंड में खेत में बैठकर बिजली आने का इंतजार करना बेहद कष्टदायक है। बच्चों की पढ़ाई और घर के अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं को भी खेतों में पानी लगाने के लिए रात में आना पड़ता है, जिससे सुरक्षा का भी डर बना रहता है। किसान कहते हैं कि हमारी कोई सुनने वाला नहीं है। हम सरकार से बार-बार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन हमारी आवाज किसी तक नहीं पहुंच रही है।
किसानों का कहना है कि पहले भी इस फीडर पर ट्रिपिंग की समस्या आती थी, लेकिन इस बार समस्या ने सारी हदें पार कर दी हैं। छः घंटे की लाईट में दिन में 15 से 20 बार ट्रिपिंग हो रही है। कभी-कभी तो एक घंटे में ही 4 से 10 बार लाइट चली जाती है। इससे मोटरें भी खराब हो रही हैं। बार-बार ट्रिपिंग से स्टार्टर, केबल और मोटर जलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मोटर जलने से किसान को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऊपर से फसल खराब होने का डर अलग से सता रहा है। बिजली की समस्या ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। यदि इसी तरह बिजली कटती रही तो फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और कर्ज का बोझ और बढ़ जाएगा। किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर नहीं हो, इसलिए सरकार को समय रहते ध्यान देना चाहिएकई जगहों पर पेड़ों की डालियां तारों को छू रही हैं, जिससे भी ट्रिपिंग होती है। विभाग को चाहिए कि वह पूरे फीडर की जांच कराकर जर्जर तारों को बदले, पेड़ों की छंटाई कराए और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए। जो किसान समय पर बिल भरते हैं, उन्हें भी बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों ने मांग की है कि विभाग अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करे और फीडर को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर लोड कम करे।
किसानों की मांग है कि विभाग के बड़े अधिकारी मौके पर आकर फीडर का निरीक्षण करें और किसानों की समस्या को समझें।
किसानों की प्रमुख मांगें हैं कि चावडेरी फीडर की ट्रिपिंग को तुरंत बंद किया जाए, सिंचाई के समय कम से कम 6 से 8 घंटे निर्बाध बिजली दी जाए, जर्जर तार और खंभों को बदला जाए, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए और फीडर पर तैनात कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए। किसानों ने यह भी मांग की है कि ट्रिपिंग की जानकारी के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए ताकि किसान सीधे शिकायत कर सकें।
ग्रामीणों ने सरकार से भी अपील की है कि वह किसानों की इस समस्या को गंभीरता से ले। किसान देश का अन्नदाता है। यदि अन्नदाता ही परेशान रहेगा तो देश का पेट कैसे भरेगा। सरकार को चाहिए कि वह किसानों को समय पर बिजली उपलब्ध कराए। किसानों का कहना है कि वे कोई मुफ्त की बिजली नहीं मांग रहे हैं, वे सिर्फ अपने हक की बिजली मांग रहे हैं,